पुलिस के अनुसार सोमवार को ग्राम बगोनिया में लाल तालाब के पास जंगल में एक युवक का शव मिला था। शव मिलने की सूचना के बाद परवलिया सड़क पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान रायसेन जिले के ग्राम चांदपुर निवासी 35 वर्षीय रमेश बंजारा के रूप में हुई। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आने के बाद पुलिस ने मृतक के परिचितों और उसके साथ काम करने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई।
जांच में सामने आया कि रमेश अपनी पत्नी मीना बाई के साथ साले लक्ष्मण और भांजे जगदीश के साथ कुआं खोदने का काम करता था। पिछले कुछ दिनों से चारों गुनगा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदेरी में भारत सिंह के खेत पर कुआं खोद रहे थे। रविवार शाम काम खत्म होने के बाद रमेश और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक इस दौरान रमेश ने मीना बाई के साथ मारपीट की। इससे नाराज होकर मीना ने पास में रखी ड्रिल मशीन की रॉड उठा ली और रमेश के सिर पर वार कर दिया।
सिर पर जोरदार वार लगने के बाद रमेश कुएं में जा गिरा। पुलिस के मुताबिक मौके पर मौजूद लोगों ने उसे कुएं से बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को देने के बजाय शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई। मृतक के साले लक्ष्मण और भांजे जगदीश ने शव को कुएं से बाहर निकाला और उसे वहां से हटाकर परवलिया सड़क थाना क्षेत्र के ग्राम बगोनिया में लाल तालाब के पास जंगल में फेंक दिया।
पुलिस जांच में खेत मालिक भारत सिंह की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार उसे घटना की जानकारी थी लेकिन उसने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी। शव को दूसरे थाना क्षेत्र में फेंके जाने के कारण शुरुआती तौर पर घटना की परिस्थितियां अलग नजर आईं। हालांकि मर्ग जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को हत्या और साक्ष्य छिपाने से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य मिले।
थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा के मुताबिक जांच के आधार पर पत्नी मीना बाई साले लक्ष्मण भांजे जगदीश और खेत मालिक भारत सिंह के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मीना बाई लक्ष्मण और जगदीश को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के बाद शव को हटाने और उसे जंगल में फेंकने की पूरी योजना कैसे बनाई गई थी।
पुलिस खेत मालिक भारत सिंह की भूमिका को लेकर भी आगे की कार्रवाई कर रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि उसे घटना की जानकारी कब मिली और उसने पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
