दरअसल नगर निगम ने शहर की कुछ कॉलोनियों में जलप्रदाय व्यवस्था और जलकर वसूली की जिम्मेदारी गजानंद सिक्योरिटी फोर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को सौंपी है। इस संबंध में कंपनी को तीन अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार ऐसी कॉलोनियों और संस्थानों में कंपनी पानी की सप्लाई का संचालन करेगी जहां 101 से 250 आवास हैं और बल्क वाटर कनेक्शन उपलब्ध हैं। कंपनी को जलकर वसूली के साथ पाइपलाइन के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी दी गई है।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि नगर निगम परिषद से इसकी मंजूरी नहीं ली गई। उनका आरोप है कि परिषद द्वारा स्वीकृत नीति में बदलाव करते हुए मेयर इन काउंसिल ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर जलापूर्ति जैसी महत्वपूर्ण नागरिक सेवा निजी कंपनी को सौंप दी है। कांग्रेस का कहना है कि नगर निगम जहां सामान्य तौर पर करीब 250 रुपए प्रतिमाह जल प्रभार लेता है वहीं निजी कंपनी की व्यवस्था में उपभोक्ताओं से 700 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। पार्टी ने इसे भोपाल की जनता के साथ अन्याय बताते हुए निर्णय वापस लेने की मांग उठाई है।
नई व्यवस्था के तहत नगर निगम संबंधित कंपनी को प्रति हजार लीटर पानी के लिए 17 रुपए की दर से भुगतान करेगा। वहीं कंपनी रहवासियों से प्रति हजार लीटर पानी के लिए 20 से 22 रुपए तक वसूलेगी। इस तरह नगर निगम से मिलने वाली दर और उपभोक्ताओं से वसूली जाने वाली राशि के बीच 3 से 5 रुपए का अंतर रहेगा। इस राशि का उपयोग पाइपलाइन में लीकेज सुधारने और रखरखाव के साथ कर्मचारियों के खर्च के लिए किया जाएगा। कंपनी को बकाया बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काटने का अधिकार भी दिया गया है।
हालांकि यह व्यवस्था सभी कॉलोनियों पर अनिवार्य रूप से लागू नहीं होगी। जिन कॉलोनियों की रहवासी समितियां इसके लिए सहमति देंगी वहीं कंपनी को जलप्रदाय की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। एजेंसी ने कॉलोनियों में रहवासियों से संपर्क करना भी शुरू कर दिया है। मकानों की संख्या के आधार पर कॉलोनियों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है ताकि जलप्रदाय और रखरखाव की व्यवस्था तय की जा सके।
भोपाल में फिलहाल 829 कॉलोनियों में बल्क वाटर कनेक्शन हैं। इन कनेक्शनों से नगर निगम को सालाना करीब 35 से 40 करोड़ रुपए की आय होती है। इसके अलावा शहर में लगभग 2 लाख 80 हजार व्यक्तिगत पानी के कनेक्शन हैं जिनसे हर साल करीब 44 से 45 करोड़ रुपए का राजस्व मिलता है। नगर निगम ने इस साल जलप्रदाय व्यवस्था से कुल 193 करोड़ रुपए की आय का अनुमान लगाया है।
अब निजी कंपनी को जिम्मेदारी सौंपने के फैसले को लेकर कांग्रेस और नगर निगम के बीच टकराव बढ़ने के आसार हैं। कांग्रेस बुधवार को निगम मुख्यालय में विरोध दर्ज कराकर इस व्यवस्था को वापस लेने की मांग करेगी। वहीं इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि निजी कंपनी के जरिए जलप्रदाय व्यवस्था संचालित होने से आम उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा मिलेगी या पानी के बिल का बोझ बढ़ेगा।
