प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषित पैकेज में 3,500 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता और करीब 11,500 करोड़ रुपये की क्रेडिट लाइन शामिल है। अनुदान की राशि नेपाल को वापस नहीं करनी होगी। इसका इस्तेमाल बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण और नए बुनियादी ढांचे के विकास में किया जा सकता है। वहीं, क्रेडिट लाइन का प्रमुख उद्देश्य नेपाल के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करना है। इसके तहत जलविद्युत परियोजनाओं और बिजली ट्रांसमिशन लाइनों के विकास में निवेश किया जा सकेगा। किन परियोजनाओं को प्राथमिकता मिलेगी और धनराशि किस तरह खर्च होगी, इसका निर्णय दोनों देश आपसी सहमति से करेंगे।
भारत की आर्थिक सहायता को लेकर नेपाल का पुराना अनुभव इस बार भी चर्चा में है। वर्ष 2015 के विनाशकारी भूकंप के बाद भारत ने नेपाल को एक अरब डॉलर की सहायता देने का वादा किया था। इसमें 25 करोड़ डॉलर अनुदान और 75 करोड़ डॉलर की ऋण सुविधा शामिल थी। अनुदान राशि का इस्तेमाल पुनर्निर्माण में हुआ, लेकिन ऋण के बड़े हिस्से का उपयोग नहीं हो सका। इसकी प्रमुख वजह परियोजनाओं और खरीद प्रक्रिया से जुड़ी शर्तें मानी गईं।
उस समय ऋण के नियमों के अनुसार कम से कम 75 प्रतिशत सामान, उपकरण और सेवाएं भारत से खरीदना जरूरी था। इसके अलावा सिविल निर्माण सामग्री का कम से कम 50 प्रतिशत हिस्सा भी भारत से लेना था। भारतीय ठेकेदारों और दोनों देशों की कई एजेंसियों की मंजूरी की प्रक्रिया ने छोटे तथा अलग-अलग स्थानों पर चलने वाले प्रोजेक्ट की रफ्तार धीमी कर दी। इनमें स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, त्रिभुवन विश्वविद्यालय की 39 इमारतें और अमृत साइंस कैंपस जैसे काम शामिल थे। भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री के अनुसार, उस 75 करोड़ डॉलर की क्रेडिट लाइन में से अब तक 55 करोड़ डॉलर का इस्तेमाल हुआ है।
बालेन शाह की यात्रा का दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष नेपाल को भारतीय बंदरगाहों तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराना है। नेपाल ने ओडिशा के धामरा और गुजरात के मुंद्रा बंदरगाहों के इस्तेमाल की मांग रखी थी। इसके जवाब में भारत ने गुजरात के दीनदयाल यानी कांडला बंदरगाह और ओडिशा के पारादीप बंदरगाह का प्रस्ताव दिया। इससे नेपाल को अरब सागर के रास्ते पश्चिमी देशों के साथ व्यापार करने का नया विकल्प मिल सकता है।
नेपाल अभी मुख्य रूप से कोलकाता, हल्दिया और विशाखापत्तनम जैसे पूर्वी तट के बंदरगाहों पर निर्भर है। कांडला तक पहुंच मिलने से यूरोप, मध्य पूर्व और अफ्रीका के साथ व्यापार में दूरी तथा परिवहन समय कम करने की संभावना बनेगी। पारादीप बंदरगाह भारी माल की आवाजाही के लिए अतिरिक्त विकल्प देगा। यह बंदरगाह बीरगंज से सड़क मार्ग द्वारा लगभग 1,045 किलोमीटर दूर है। दोनों बंदरगाह भारतीय रेलवे नेटवर्क से भी जुड़े हैं, जिससे भविष्य में कंटेनरों को नेपाल के सिरसिया ड्राई पोर्ट तक रेल के माध्यम से पहुंचाने की सुविधा विकसित की जा सकती है।
भारत और नेपाल के बीच वर्ष 2019 में धामरा और मुंद्रा बंदरगाहों के इस्तेमाल को लेकर सैद्धांतिक सहमति बनी थी, लेकिन ट्रांजिट संधि में जरूरी बदलाव नहीं होने के कारण यह व्यवस्था लागू नहीं हो सकी। नेपाली व्यापारियों को निजी बंदरगाहों से आधुनिक सुविधाओं और तेज माल परिवहन की उम्मीद थी। इस बार सरकारी बंदरगाहों का विकल्प सामने आया है।
यात्रा के दौरान संपर्क और ऊर्जा से जुड़े अन्य समझौते भी महत्वपूर्ण रहे। जनकपुर और अयोध्या के बीच साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू हुई है। दार्चुला में नए पुल के निर्माण को लेकर समझौता हुआ। इसके अलावा 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना और सिलीगुड़ी-झापा तेल पाइपलाइन का शिलान्यास किया गया। काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ के बीच बी345 दोतरफा हवाई मार्ग विकसित करने पर भी बातचीत हुई, जिससे नेपाल को उड़ानों की संख्या बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
इन समझौतों से भारत और नेपाल के बीच व्यापार, ऊर्जा और परिवहन संपर्क को मजबूती मिलने की संभावना है। हालांकि, इन योजनाओं की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि नेपाल परियोजनाओं का चयन, प्रशासनिक मंजूरी और धनराशि के उपयोग की प्रक्रिया कितनी तेजी से पूरी करता है। भारत की ओर से घोषित आर्थिक सहायता और सुविधाएं महत्वपूर्ण हैं, लेकिन उनका लाभ तभी मिलेगा जब समझौतों को समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतारा जा सके।
