वायरल वीडियो में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, विकी कौशल और संजय लीला भंसाली एक रेस्तरां से बाहर निकलते दिखाई देते हैं। बाहर मौजूद पपराजी पहले सभी सितारों की तस्वीरें लेते हैं। इसके बाद जब रणबीर वहां से आगे बढ़ने लगते हैं, तभी एक पपराजी उन्हें बार-बार आवाज लगाता हुआ नजर आता है।
बार-बार आवाज लगाए जाने के बाद रणबीर कपूर पीछे मुड़ते हैं और उस पपराजी की तरफ उंगली दिखाते हुए कहते हैं, ‘बहुत बोल रहा है तू।’ इसके बाद वह वहां से आगे बढ़ जाते हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसी वजह से रणबीर कपूर एक बार फिर चर्चा में हैं।
यह पूरा घटनाक्रम रामायण के प्रमोशनल इवेंट वाले दिन का बताया जा रहा है। रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म रामायण को लेकर व्यस्त हैं। शनिवार को मुंबई में फिल्म से जुड़ा एक बड़ा प्रमोशनल इवेंट आयोजित किया गया था, जिसमें अमेरिकी यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट भी शामिल हुए थे।
इसी इवेंट में देरी को लेकर भी काफी चर्चा हुई। कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे शुरू होना था और मीडियाकर्मी तय समय पर पहुंच गए थे, लेकिन प्रेस मीट को लेकर दो घंटे से अधिक समय तक स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इससे वहां मौजूद पत्रकारों में नाराजगी देखने को मिली।
कार्यक्रम में देरी को लेकर सवाल किए जाने पर पब्लिसिटी टीम की ओर से इंतजार नहीं कर पाने वाले लोगों को जाने की बात कही गई। इसके बाद नाराजगी और बढ़ गई। इसी दौरान रणबीर कपूर की ओर से भी पत्रकारों से कहा गया कि अगर उन्हें जाना है तो वे जा सकते हैं।
कार्यक्रम में देरी की वजह मिस्टर बीस्ट के पहुंचने में हुई देरी को बताया गया। उनके आने में समय लगने के कारण कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल प्रभावित हुआ। इवेंट के दौरान रणबीर कपूर ने प्रतीकात्मक रूप से शिव धनुष उठाया। रवि दुबे ने भी मंच पर रखा धनुष उठाया। रणबीर ने मिस्टर बीस्ट को भगवान राम के महत्व के बारे में भी बताया।
इसी कार्यक्रम के बाद रामायण के दो पोस्टर भी सामने आए। पहले पोस्टर में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में दिखाई दिए। दूसरे पोस्टर में यश के रावण वाले लुक को पूरी तरह दिखाया गया। पोस्टर में रावण की लंका की झलक भी दिखाई गई।
रणबीर कपूर की दूसरी फिल्म लव एंड वॉर को लेकर भी हाल में चर्चा तेज हुई है। फिल्म के रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल के अलग-अलग पोस्टर जारी किए गए हैं। तीनों कलाकारों को एक साथ देखे जाने के बाद फिल्म को लेकर भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी है।
