झांसी। बुन्देलखण्ड जनता डिग्री कॉलेज, पलींदा के प्रबंधक एवं सचिव आदरणीय डॉ. कैलाश विश्वकर्मा को विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित “आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय विज्ञान संवर्धन पुरस्कार 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विज्ञान भारती द्वारा प्रदान किया गया, जो देश में विज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यरत एक प्रमुख संस्था है।
सम्मान समारोह में विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिव प्रकाश, आईयूएसी के निदेशक प्रो. अविनाश चंद्र पाण्डेय तथा बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी गणमान्य अतिथियों ने डॉ. विश्वकर्मा को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
डॉ. कैलाश विश्वकर्मा लंबे समय से शिक्षा एवं विज्ञान के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और नवाचार को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थियों ने शैक्षिक एवं शोध क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
इस सम्मान से न केवल संस्थान, बल्कि पूरे बुन्देलखण्ड क्षेत्र में खुशी की लहर है। महाविद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों ने इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए डॉ. विश्वकर्मा को बधाई दी है। यह सम्मान उनके समर्पण, परिश्रम और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।
