झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “मिशन शक्ति 5.0” के द्वितीय चरण की शुरुआत 23 मार्च 2026 से हो चुकी है। इस अभियान के अंतर्गत झांसी जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों, स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान उन्हें साइबर अपराध, महिला सुरक्षा कानूनों और उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। साथ ही घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और अन्य अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए जा रहे हैं।

इसके अतिरिक्त महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, मातृ वंदना योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अभियान में हेल्पलाइन नंबर—1090, 181, 102, 108, 112, 1076, 1098 और 1930—की जानकारी देते हुए आपात स्थिति में तुरंत संपर्क करने की अपील की जा रही है।
झांसी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वह महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस अभियान के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
