पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में लगी गोली, 50 हजार की नकदी, बाइक और तमंचे बरामद
झांसी। व्यापारी के छह वर्षीय बेटे का अपहरण कर 15 लाख रुपये लेकर फरार हुए चालक और उसके साथी को गुरसराय पुलिस व स्वाट टीम ने देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उनके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये की नकदी, एक बाइक, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सीओ गरौठा पीयूष पाण्डेय ने बताया कि बीती 10 अक्टूबर को कोतवाली थाना क्षेत्र के गोला कुआं निवासी व्यापारी अनुराग सिंह ने गुरसराय थाने में सूचना दी थी कि वह अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटे के साथ स्कॉर्पियो (यूपी 93 बीके 7274) से गुरसराय गए थे। गाड़ी को उन्होंने नया चालक रखा था। रास्ते में पेट्रोल भरवाने के बहाने चालक गाड़ी समेत फरार हो गया। उस समय उनका मासूम बेटा भी गाड़ी में मौजूद था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया था, लेकिन चालक 15 लाख रुपये लेकर फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी चालक आशीष अवस्थी निवासी श्रीराम कॉलोनी, छतरपुर (मध्य प्रदेश), हाल निवासी ईसाई टोला, थाना प्रेमनगर की तलाश शुरू कर दी थी। एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में स्वाट टीम और गुरसराय पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थीं।
देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आशीष अपने साथी विशाल शर्मा निवासी लखनऊ मढ़ी यांव के साथ बाइक से फरार होने की फिराक में है। इस पर पुलिस टीमों ने अड़जरा जाने वाले मार्ग पर गैस गोदाम के पास घेराबंदी कर दोनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 50 हजार रुपये, दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
