सीपरी बाजार पुलिस ने स्कूटी, कटर और चोरी का सामान किया बरामद, गाजियाबाद और लखनऊ के रहने वाले हैं आरोपी
झांसी। सेल्समैन की मोटरसाइकिल पर टंगे थैले को कटर से काटकर 80 हजार रुपये की सिगरेट, 9400 रुपये नकद और दवाइयां चोरी करने वाले दो अंतरजनपदीय आरोपियों को सीपरी बाजार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की घटना का 16 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से 35 डिब्बी सिगरेट, तंबाकू, बीड़ी, कटर ब्लेड, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के सेंयर गेट अंदर निवासी अनिल कुमार कोष्ठा ने 21 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 नवंबर को दोपहर करीब 2:04 बजे अज्ञात चोर उनकी गाड़ी पर टंगा थैला काटकर उसमें रखी करीब 80 हजार रुपये की सिगरेट, 9400 रुपये नकद और दर्द की दवाइयां चोरी कर ले गए थे। इस मामले में सीपरी बाजार थाने में मुकदमा संख्या 545/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन तथा एसपी सिटी प्रीति सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर प्रिया सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना पर रेलवे अंडरब्रिज के पास ग्वालियर रोड चौकी क्षेत्र के एक खाली प्लॉट से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजम्मील पुत्र मोमीन चौधरी निवासी मोहन नगर, थाना साहिबाबाद, गाजियाबाद और विक्की कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी गढ़ी कनौरा, थाना आलमबाग, लखनऊ के रूप में हुई है।
राह चलते लोगों को सस्ते में बेच दिया था सामान
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गणेश चौराहे के पास सेल्समैन की मोटरसाइकिल पर टंगा थैला कटर से काटकर चोरी की थी। चोरी की गई सिगरेट, बीड़ी और गुटखा राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच दिया था। इससे मिले रुपये दोनों ने आपस में बांटकर खर्च कर दिए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 20 नवंबर को इलाइट चौकी क्षेत्र में भी चोरी की घटना करना स्वीकार किया है। इस मामले में मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश चौबे, चौकी प्रभारी अनुज सिंह गंगवार, कांस्टेबल दलवीर सिंह, शिवांशु पटेल और सागर सिंह शामिल रहे।
