ड्यूटी के बीच करवा चौथ का व्रत निभा रहीं महिला पुलिसकर्मी
झांसी । करवा चौथ पर महिला पुलिसकर्मियों के लिए एक तरफ कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी है, तो दूसरी तरफ पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना। हाथों में मेहंदी, आंखों में चांद निकलने का इंतजार और दिल में पति से मिलने की चाह लिए ये महिला पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी भी निभा रही हैं और व्रत की परंपरा भी। किसी की शादी को पांच साल हुए हैं, तो कोई 24 साल से लगातार यह व्रत रख रही है। खाकी वर्दी में सेवा और परिवार के प्रति समर्पण की यह तस्वीर करवा चौथ को खास बना रही है।

करवा चौथ के पर्व पर झांसी में उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला कर्मियों ने अपनी जिम्मेदारियों और पारिवारिक परंपराओं के बीच खूबसूरत संतुलन बनाया है। महिला थाना समेत पुलिस विभाग में तैनात महिला पुलिसकर्मी दिनभर ड्यूटी करने के साथ पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखे हुए हैं। किसी ने हाथों में मेहंदी रचाई है, तो कोई ड्यूटी से फुर्सत मिलने के बाद पूजा की तैयारी पूरी करने में जुटी है। सभी को शाम को चांद निकलने और पति का चेहरा देखकर व्रत खोलने का इंतजार है।
खाकी की ड्यूटी, सुहाग की दुआ उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला कर्मी प्रशंसा बताती हैं कि उनकी शादी को पांच साल हो चुके हैं। वह लगातार अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखती हैं, खास बात यह है कि उनके पति भी उनके लिए व्रत रखते हैं। वह बिजनेस करते हैं और शाम तक घर पहुंच जाएंगे। प्रशंसा कहती हैं कि पति को देखकर ही वह अपना व्रत खोलेंगी।विभाग में तैनात शालिनी साहू भी पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के साथ करवा चौथ का व्रत रख रही हैं। उनकी शादी को पांच साल हो चुके हैं और यह उनका छठा करवा चौथ है। शालिनी के मुताबिक, ड्यूटी की जिम्मेदारी के साथ त्योहार की परंपरा निभाना उनके लिए खास है।
महिला पुलिसकर्मी दीप्ति को भी शाम और चांद निकलने का इंतजार है। वह कहती हैं कि पति के साथ नोकझोंक तो होती रहती है, लेकिन उनके प्रति प्यार और अपनापन भी उतना ही है। उनकी कामना है कि हर जन्म में उन्हें यही पति मिलें।महिला थाना प्रभारी नीतू सिंह बताती हैं कि वह लगातार चौथी बार करवा चौथ का व्रत रख रही हैं। ड्यूटी पूरी करने के बाद पति के साथ चांद देखकर पूजा करेंगी और फिर व्रत खोलेंगी।
