झांसी। उल्दन थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का खुलासा कर दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, चोरी के माल से प्राप्त 8,500 रुपये और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 28/29 सितंबर की रात ग्राम इमिलिया निवासी गल्ला व्यवसायी रामकुमार पटेल व केहर सिंह पटेल के ट्यूबवेल से अज्ञात चोर गल्ला, डायनेमो का तार और पीतल की चिड़िया चोरी कर ले गए थे। मामले में उल्दन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
16 अक्टूबर को उल्दन पुलिस और सर्विलांस टीम बंगरा-पलरा मार्ग पर कागज फैक्ट्री के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से दो संदिग्धों के मोटरसाइकिल से घूमने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिरने के बाद पीछे बैठे शरीफ शाह ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शरीफ शाह के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके साथी सलीम शाह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी जालौन जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस, चोरी के माल की बिक्री से बची 8,500 रुपये की नकदी तथा मोटरसाइकिल बरामद की। मामले में आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
