चित्रकूट। भारी बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से चित्रकूट के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। ऐसे में प्रभावित परिवारों की मदद के लिए मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड, भोपाल के अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह ने राहत अभियान शुरू किया। उन्होंने दो ट्रकों में राहत सामग्री भेजकर करीब 400 बाढ़ प्रभावित परिवारों तक जरूरी सामान पहुंचाया।
बाढ़ के कारण कई परिवारों के सामने भोजन, पीने के पानी और दैनिक जरूरतों का संकट खड़ा हो गया था। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी हैं। इसके साथ ही सामाजिक संस्थाएं और समाजसेवी भी प्रभावित लोगों तक जरूरी सामग्री पहुंचा रहे हैं।
प्रशासन की सूची से चिन्हित किए जरूरतमंद परिवार
राहत वितरण के लिए उन परिवारों को चिह्नित किया गया, जिन्हें अब तक पर्याप्त सहायता नहीं मिल सकी थी। प्रशासन से मिली सूची के आधार पर इन परिवारों की पहचान की गई और इसके बाद राहत सामग्री उनके बीच पहुंचाई गई।
घाट किनारे की बस्तियों में पहुंची मदद
राहत सामग्री का वितरण टाठी घाट, चक्की घाट, पंच प्रयाग और जंगल क्षेत्र में रहने वाले संतों के बीच किया गया। आरोग्यधाम के आसपास की गलियों, सियाराम कुटीर के सामने, प्रमोदवन और रामायणी कुटी के आसपास रहने वाले प्रभावित परिवारों को भी सामग्री दी गई।
इसके अलावा पार्षद रवि माला सिंह की गली, उतारा बाजार, नयागांव सहित घाट किनारे की कई बस्तियों में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटी गई।
राशन के साथ कपड़े, पन्नी और दरी भी दी
राहत अभियान के दौरान परिवारों को सूखा राशन, कपड़े, पन्नी, दरी और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई गईं। जन्माष्टमी व्रत से संबंधित जरूरी सामग्री का भी वितरण किया गया।
‘आपदा की घड़ी में लोगों के साथ खड़े हैं’
सत्येंद्र भूषण सिंह ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में वह और मध्य प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं। जरूरतमंद परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
संतों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से लिया प्रभावित इलाकों का फीडबैक
राहत सामग्री बांटने से पहले सत्येंद्र भूषण सिंह ने रामायणी कुटी के पूज्य राम हृदय दास, टाठी घाट के पूज्य त्रिवेणी दास, चक्की घाट के पूज्य मोहन दास, दीनदयाल शोध संस्थान के सचिव अभय महाजन और सह सचिव अनिल अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति और वहां लोगों की जरूरतों की जानकारी ली।
राहत वितरण अभियान में सतना सांसद गणेश सिंह, जनपद उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बराज, वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी विकास सिंह, लघु उद्योग निगम के अधिकारी और अन्य सहयोगी भी अभियान में शामिल हुए।
