झांसी। मेडिकल कॉलेज के पास बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे 72 वर्षीय किसान से ऑटो में तमंचे के बल पर लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को नवाबाद पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 7,780 रुपये, वारदात में इस्तेमाल ऑटो, एक तमंचा, कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है।
सीओ सिटी रामवीर सिंह ने बताया कि कोछा भांवर निवासी किसान सियाराम (72) ने 27 जुलाई को मेडिकल कॉलेज के पास स्थित ग्रामीण बैंक से 12 हजार रुपये निकाले थे। दोपहर करीब 12:20 बजे बैंक से बाहर निकलने पर चार युवकों ने उन्हें ऑटो में बैठा लिया। मेडिकल कॉलेज गेट नंबर-3 के पास पहुंचते ही आरोपियों ने तमंचा दिखाकर उनसे नकदी लूट ली और फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट सोमवार को नवाबाद थाने में दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दिखाई दिए ऑटो के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद मंगलवार को कानपुर बाईपास स्थित ई-बस चार्जिंग स्टेशन के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दतिया निवासी चांद खां, हंसारी निवासी खुशहाल उर्फ विक्की रजक, राजगढ़ निवासी नसीम खां और जगमोहन अहिरवार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उनके पास से लूट की रकम में से 7,780 रुपये बरामद किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त ऑटो, एक तमंचा, कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक बाइक भी जब्त की गई।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी चांद खां के खिलाफ नवाबाद और मोंठ थानों में पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक निखिल कुमार, अजय कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
