महोबा। समदनगर में युवक के दोनों हाथ काटने की सनसनीखेज घटना के मामले में महोबा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शहर कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित बेड़िया उर्फ विकास को दबोचते हुए उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की कुल्हाड़ी भी बरामद की है। पुलिस ने उसके साथी नादिर को भी गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह वारदात मंगलवार रात कानपुर-सागर हाईवे स्थित समदनगर इलाके में हुई थी। 28 वर्षीय जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की ठाकुर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसके दोनों हाथ काट दिए गए थे। गंभीर रूप से घायल विक्की को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
एसपी के निर्देश पर तेज कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देश पर शहर कोतवाली प्रभारी मनीष पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोहित बेड़िया उर्फ विकास को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। इसके अलावा पुलिस ने 27 वर्षीय नादिर पुत्र असलम, निवासी समदनगर, को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में स्थानीय भाजपा युवा मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी शिवप्रताप सिंह परमार, रोहित का भाई छुट्टू बेड़िया और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि वारदात प्रभाव और रसूख के बल पर अंजाम दी गई। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
