झांसी। नवाबाद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।जानकारी के अनुसार, देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कोछा भांवर चार्जिंग स्टेशन के पास कुछ संदिग्ध युवक खड़े हैं और चोरी की गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं। सूचना मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चारों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने जब उनसे बरामद मोटरसाइकिलों के कागजात मांगे तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद सभी बाइक चोरी की हैं। आरोपियों ने बताया कि वे वाहन चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेच दिया करते थे।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के दतिया जनपद के भांडेर निवासी विशाल यादव, सीपरी बाजार क्षेत्र की पाल कॉलोनी निवासी रानू परिहार उर्फ कृष्ण, कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव गेट बाहर निवासी राजकुमार और बबीना क्षेत्र के पशु अस्पताल निवासी एहसान उर्फ तौहीद के रूप में हुई है।
सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। बरामद वाहनों की जांच की जा रही है और उनके असली मालिकों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मामले में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश कर रही है।
