झांसी । झांसी में बुंदेलखंड क्षेत्र में लगातार बढ़ती गर्मी और पर्यावरण असंतुलन के बीच हरे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई का मुद्दा जोर पकड़ता जा रहा है। इसी को लेकर रेवन गांव निवासी किसाननेत्री और समाजसेविका राजेश कुमारी ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि झांसी जनपद की मऊरानीपुर तहसील में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई की जा रही है। सड़क किनारे ग्रामीण क्षेत्रों से लाई गई लकड़ी के ढेर और उन्हें ट्रकों के जरिए अन्य स्थानों पर भेजे जाने के प्रमाण भी मौजूद हैं।
किसाननेत्री ने कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में पर्यावरणीय संकट और गंभीर हो सकता है। उन्होंने सरकार से हरे पेड़ों की कटाई पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और सख्त निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
