नई दिल्ली। महोबा में दलित छात्रा से कथित गैंगरेप और अपहरण के मामले को लेकर हापुड़ में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम साक्षी शर्मा को सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने ज्ञापन में कहा कि महोबा में नीट की तैयारी कर रही दलित छात्रा का अपहरण कर उसे कई दिनों तक बंधक बनाकर नशीला पदार्थ दिया गया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला बेहद गंभीर है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक अपेक्षित सख्ती नहीं दिखाई गई।
कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब पीड़िता से मिलने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पहुंचे तो प्रशासन ने उन्हें रोकने की कोशिश की। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया और सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर असफल रहने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने मांग की कि पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार से मिलना कोई अपराध नहीं होना चाहिए।
धरना प्रदर्शन में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने सरकार से इस मामले में पारदर्शी और तेज कार्रवाई की मांग की।
