महोबा । महोबा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के पिपरामाफ गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 18 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने ही घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, छात्रा मनीषा अहिरवार अपने घर के दैनिक कार्यों में परिवार की मदद कर रही थी। इसी दौरान वह नहाने के लिए बाथरूम में गई थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वह बाहर नहीं निकली।
परिजनों को जब करीब डेढ़ घंटे तक कोई हलचल नहीं दिखी तो उन्हें चिंता हुई। इसके बाद जब परिवार के लोगों ने बाथरूम का दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। छात्रा का शव फंदे से लटका हुआ मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतका के भाई ने बताया कि मनीषा काफी देर तक बाथरूम से बाहर नहीं आई, जिसके बाद दरवाजा खोलने पर यह दर्दनाक घटना सामने आई।
सूचना पर पहुंची श्रीनगर थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इस घटना से गांव में शोक का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में है।
