नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में गर्मी ने इस समय कहर बरपा रखा है। तेज धूप और लू के थपेड़ों के बीच कई जिले मानो भट्ठी की तरह तप रहे हैं। हालात यह हैं कि दिन निकलते ही तापमान तेजी से बढ़ रहा है और दोपहर तक सामान्य जनजीवन प्रभावित हो जा रहा है।
बांदा में बुधवार को तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो देश में सबसे अधिक दर्ज किया गया। यह सामान्य से लगभग 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसी स्थिति को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जिले में रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
मध्य प्रदेश के खजुराहो में 47.4 डिग्री सेल्सियस और महाराष्ट्र के वर्धा में 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिससे पूरे उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी का असर साफ दिख रहा है।
उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। प्रयागराज में 46.4 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 46.2 डिग्री सेल्सियस और झांसी में 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। तेज गर्म हवाओं के कारण लोगों को बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में भी राहत की संभावना कम है। लगातार चल रही लू और सूखी हवाएं तापमान को और बढ़ा सकती हैं।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सिर व शरीर को ढककर रखने की सलाह दी है।
