नई दिल्ली। अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के बगड़पुर चोइया गांव में 19 वर्षीय नवविवाहिता पुष्पेंद्री देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मंगलवार रात वह अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली। हालांकि, इस घटना से पहले की गई एक आखिरी फोन कॉल अब पूरे मामले का सबसे अहम पहलू बन गई है।
परिजनों के मुताबिक, मौत से कुछ घंटे पहले पुष्पेंद्री ने अपने पिता बलबीर सिंह को फोन किया था। फोन पर वह बेहद घबराई हुई और रोती हुई सुनाई दी। उसने कहा—“पापा, मुझे यहां से ले जाओ… ये लोग मुझे मार डालेंगे।” पिता ने उसे शांत रहने और जल्द आने का भरोसा दिया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली।
परिवार का आरोप है कि पुष्पेंद्री की शादी इसी साल 13 फरवरी को गजरौला क्षेत्र के खुमावली निवासी किसान ओमपाल से हुई थी। उनका कहना है कि शादी में दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से लगातार 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों का आरोप है कि युवती के साथ मारपीट की गई और बाद में उसकी हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
यह मामला हाल ही में ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर और भोपाल की ट्विशा शर्मा से जुड़ी संदिग्ध मौतों की घटनाओं की याद भी ताजा कर रहा है, जहां परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए थे।
