झांसी । झांसी के गुरसरांय क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां खेलते-खेलते एक मासूम बच्चा गंभीर हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार, गरौठा थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी 6 वर्षीय अंकित, जो बलवान का पुत्र है, घर के अंदर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक रसोई में रखी उबलती सब्जी के बर्तन में गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और जोर-जोर से चीखने लगा।
घटना होते ही परिजन घबरा गए और आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत देखते हुए तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चा गंभीर रूप से झुलसा हुआ है और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और परिजन बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
