हत्या के मुकदमे में पैरवी को पैसे की मांग के चलते लगाया ठिकाने
साक्ष्य छुपाने के लिए जलाया चाची का शव
झांसी। झांसी जनपद के बंगरा क्षेत्र में बुंदेली लोक गायिका की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। थाना उल्दन अंतर्गत ग्राम पठाकरका में मिली अधजली महिला की लाश की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मृतका के भतीजे प्रमोद कुमार कुशवाहा को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पैसों के विवाद के चलते आरोपी ने अपनी ही चाची की हत्या कर दी और शव को जलाकर पहचान मिटाने का प्रयास किया।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह गांव के लोगों और ग्राम प्रधान ने खेतों के पास एक अधजला शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शव का चेहरा और शरीर काफी हद तक जल चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। घटनास्थल से पुलिस को शराब की बोतल, नमकीन के पैकेट, जला हुआ मोबाइल फोन तथा कपड़ों के अवशेष भी बरामद हुए थे।

करीब दस घंटे बाद मृतका के पति मोहनलाल कुशवाहा ने चप्पल, पायल, अंगूठी और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान अपनी पत्नी लाड़कुंवर उर्फ लवली मौर्य के रूप में की। मृतका बुंदेली लोकगीत गायिका थीं और शादी-विवाह सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत गाने का कार्य करती थीं।
पति ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम उनकी पत्नी गेहूं खरीदने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। शुक्रवार को शव मिलने की सूचना के बाद परिवार मौके पर पहुंचा और पहचान की गई। इसके बाद थाना उल्दन में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी ने तत्काल दो पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर मृतका के भतीजे प्रमोद कुमार कुशवाहा पुत्र दुर्गा प्रसाद कुशवाहा निवासी बगरा को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि वर्ष 2022 में बरुआसागर थाना क्षेत्र में हुए एक हत्याकांड में चाची और भतीजा दोनों आरोपी थे। उसी मुकदमे की पैरवी को लेकर मृतका लगातार पैसों की मांग कर रही थी, जिससे परेशान होकर आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
