छह केंद्रों पर कड़ी निगरानी में हुई परीक्षा में 2183 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
झांसी। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित पीजीटी लिखित परीक्षा-2022 दूसरे दिन रविवार को भी जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसकी निगरानी सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम से लगातार की गई।
परीक्षा नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रथम पाली में 2308 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 893 उपस्थित और 1415 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 1521 परीक्षार्थियों में से 753 उपस्थित और 768 अनुपस्थित पाए गए।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा आयोग के प्रेक्षक डॉ. अखिलेश मिश्रा के साथ नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट स्थित कमांड कंट्रोल रूम से भी परीक्षा की निगरानी की। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी स्थिति में नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराई गई।
अधिकारियों ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वॉइस रिकॉर्डर, पेयजल, बिजली, शौचालय और रैंप की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रेक्षक डॉ. अखिलेश मिश्रा ने नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने पर जिला एवं पुलिस प्रशासन की सराहना की। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहा। निरीक्षण के दौरान प्रीति सिंह, रती वर्मा सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
