कानपुर। शहर के कल्याणपुर इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 27 वर्षीय युवक प्रशांत दीक्षित ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह सट्टे के कर्ज और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान था।मृतक प्रशांत रावतपुर थाना क्षेत्र के मस्वानपुर सराय का रहने वाला था और एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह अपने पीछे पत्नी, डेढ़ साल की बेटी और मां को छोड़ गया है परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह प्रशांत रोज की तरह ऑफिस जा रहा हूं कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। देर शाम तक संपर्क न होने पर परिवार परेशान हो गया।
होटल में बुक किया कमरा, फिर मिला शव
जानकारी के मुताबिक, प्रशांत ने कल्याणपुर स्थित एक होटल में कमरा लिया था। रात तक कमरे से कोई हलचल न होने पर होटल स्टाफ को शक हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो कमरे के अंदर प्रशांत का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सट्टे के कर्ज और धमकी का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रशांत लंबे समय से सट्टे के कर्ज और वसूली से परेशान था। बहनोई का कहना है कि कुछ लोग उसे सट्टे में फंसा रहे थे और पैसे न देने पर धमकियां दे रहे थे। दो दिन पहले उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
मां ने चार लोगों पर लगाया आरोप
मृतक की मां ने थाने में शिकायत देकर मसवानपुर के चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ये लोग उनके बेटे को जबरन सट्टे में शामिल करते थे और पैसे की वसूली के लिए दबाव बनाते थे।
पुलिस जांच जारी
कल्याणपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और परिवार गहरे सदमे में है।
