झांसी। महानगर में यातायात व्यवस्था को बेहतर और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के लिए नगर विधायक रवि शर्मा ने नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, मुख्य अभियंता एवं नगर निगम अधिकारियों के साथ वार्ड नंबर 31 स्थित आईटीआई क्षेत्र का दौरा किया। यहां रेलवे अंडर ब्रिज से हरिकिशन डिग्री कॉलेज होते हुए शिवपुरी हाईवे तक बनाए जा रहे मार्ग का निरीक्षण किया गया। यह कार्य मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (CM-GRID) के अंतर्गत कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान विधायक रवि शर्मा ने कहा कि CM-GRID योजना के तहत सड़क का चौड़ीकरण कर उसे आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट और टिकाऊ आधारभूत संरचना विकसित करना भी है।
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के साथ भूमिगत यूटिलिटी डक्ट बनाए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में बिजली लाइन, पानी की पाइलाइन या अन्य मरम्मत कार्यों के लिए सड़क को बार-बार खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे आम जनता को होने वाली परेशानी कम होगी और सड़क लंबे समय तक सुरक्षित बनी रहेगी।
विधायक ने कहा कि परियोजना के अंतर्गत आधुनिक फुटपाथ, हरित क्षेत्र (ग्रीन जोन), सौर ऊर्जा से संचालित स्ट्रीट लाइट तथा विद्युत लाइनों को भूमिगत किया जा रहा है। इसके साथ ही सड़क किनारे की पटरी को भी आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय सभासद रितिका गौरव तिवारी, प्रवीण लखेरा, अरविंद झा, रजनीश देव शर्मा, चंद्रप्रकाश सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
