बारिश और फिसलन की वजह से कई जगहों पर सड़क हादसे भी सामने आए हैं। बाराबंकी में हाईवे पर फिसलन के चलते दो डबल डेकर बसें, एक डीसीएम और कई वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें एक यात्री की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। वहीं, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या, गाजियाबाद समेत 15 से ज्यादा जिलों में भी तड़के बारिश दर्ज की गई है।
इसी बीच मौसम के खराब हालात का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6497 को लैंडिंग से पहले टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे विमान हवा में डगमगाने लगा और यात्रियों में दहशत फैल गई। स्थिति को देखते हुए फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट किया गया, जहां सुरक्षित लैंडिंग हुई। विमान को केंद्रीय मंत्री और पायलट राजीव प्रताप रूडी उड़ा रहे थे, जिन्होंने उतरने के बाद यात्रियों से कहा कि अब आप सुरक्षित हैं।
मौसम विभाग ने आज 44 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसमें 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाओं के टकराव के कारण यह मौसमी बदलाव देखने को मिल रहा है। विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, जिसके बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारिश के चलते सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई थी और आगे चल रही डीसीएम के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहे वाहन एक के बाद एक टकराते चले गए। इस हादसे में बस सवार बस्ती निवासी विनोद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष, आजाद, संजय और अजमेर अली गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराने और जांच शुरू कर दी है।
