झांसी । झांसी स्थित बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में लॉ छात्रों और सुरक्षा गार्डों के बीच हुई मारपीट की घटना ने कैंपस में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। बताया जा रहा है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद कुछ छात्र अपने मोबाइल वापस लेने के लिए और अपने साथियों का इंतजार कर रहे थे, इसी दौरान सुरक्षा गार्डों ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि गार्डों ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और कुछ छात्राओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया, जिससे कई विद्यार्थी घायल हो गए।
घटना के बाद आक्रोशित लॉ छात्रों ने यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर धरना देकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। छात्रों ने कुलपति को मौके पर बुलाने, दोषी गार्डों को तत्काल निलंबित करने और परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग रखी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
मामला बढ़ता देख विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मौके पर पहुंचे और पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए। उन्होंने छात्रों द्वारा दिखाए गए वीडियो फुटेज का भी संज्ञान लिया और आश्वासन दिया कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। रजिस्ट्रार के आश्वासन के बाद छात्रों का विरोध फिलहाल शांत हुआ, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा!
