झांसी। जनपद के हंसारी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब अत्यधिक सवारियों से भरा एक इलेक्ट्रिक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। यह दुर्घटना हंसारी रेलवे फाटक से कुछ ही दूरी पर सुबह करीब 9:25 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो हंसारी से झांसी की ओर जा रहा था और उसमें क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां बैठी थीं।

बताया जा रहा है कि ऑटो में 11 वयस्क और 3 बच्चे सवार थे, जबकि वाहन का परमिट केवल 3 सवारियों का है। आगे चालक के साथ दो बुजुर्ग और एक बच्चा बैठा था, जबकि पीछे करीब 9 लोग ठूंस-ठूंस कर बैठे थे। हादसे के संबंध में चालक ने बताया कि आगे बैठे एक बुजुर्ग को चलते वाहन में झपकी आ गई और उनका हाथ अचानक हैंडल से टकरा गया, जिससे ऑटो का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार के कारण वाहन पलट गया और दिशा बदलकर उलट गया।

ऑटो पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो को सीधा किया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से 108 एम्बुलेंस सेवा के जरिए घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और ऑटो चालकों ने यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। आरोप है कि झांसी-जेल चौराहे पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ओवरलोडेड ऑटो खुलेआम चलते हैं। कुछ चालकों ने अवैध वसूली के आरोप भी लगाए। यह हादसा एक बार फिर यातायात नियमों की अनदेखी और ओवरलोडिंग के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है।
