झांसी। ई रिक्शा चालक ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए पंद्रह लाख कीमत से अधिक की जेवरातों से भरा बैग दंपत्ति को वापस लौटा दिया। ई रिक्शा चालक की ईमानदारी को देखते हुए एसएसपी ने उसकी काफी प्रशंसा करते हुए उसे प्रशस्ति पत्र दिया।
पुलिस मीडिया सेल के मुताबिक मध्यप्रदेश के वनवास निवासी महिला ई रिक्शा में सवार होकर स्टेशन से सीपरी बाजार पहुंची ओर वह ई रिक्शा से उतरकर चली गई। ई रिक्शा में उसका बैग रखा रह गया। ई रिक्शा क्रमांक एमपी 32 जेड बी 8169 के नाम से पीड़ित महिला ने सोमवार को थाना सीपरी बाजार को सूचना दी। सीपरी बाजार पुलिस महिला की शिकायत पर तमाम सीसीटीवी फुटेज के आधार ई रिक्शा चालक की तलाश शुरू कर दी थी।
इधर ई रिक्शा चालक मध्यप्रदेश के ग्राम कटीली निवासी धर्मपाल सिंह ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए जेवरातों से भरा महिला का बैग संभाल कर रखते हुए अपने ग्राम प्रधान प्रहलाद के साथ मिलकर थाना सीपरी बाजार महिला का छूटा हुआ जेवरातों से भरा बैग देने पहुंचा। इस मामले की सीपरी बाजार पुलिस ने एसएसपी को पूरी जानकारी दी।
एसएसपी ने जानकारी मिलने पर ई रिक्शा चालक के ईमानदारी की काफी प्रशंसा करते हुए आज उसे व पीड़ित महिला को अपने कार्यालय में बुलाया। जहां चालक से महिला के हाथों उसका बैग दिलवाने के बाद चालक की ईमानदारी की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए उसे प्रशस्ति पत्र दिया।
