लाठीचार्ज कांड : अखिलेश यादव ने संतों से मांगी माफी
हरिद्वार : समाजवादी शासनकाल के दौरान 2015 में वाराणसी में संतों पर हुए लाठीचार्ज का काला धब्बा धोने की कोशिश पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को की। उन्होंने लाठीचार्ज कांड के लिए हरिद्वार में संतों से माफी मांगी।
अखिलेश ने शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद और उनके शिष्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि हमसे जो गलती हुई थी, उसे स्वीकार करते हैं।
उत्तर प्रदेश में 2015 में सपा सरकार के शासन में संतों को गंगा में गणेश प्रतिमा का विसर्जन नहीं करने दिया गया था। इससे नाराज संत गंगा तट पर ही धरने पर बैठ गए थे। संतों को हटाने के लिए पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया था। इसमें स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत कई संत घायल हो गए थे।
इस लाठीचार्ज कांड ने सपा सरकार को कई बार परेशान किया और 2017 विधानसभा चुनाव में उनकी बुरी हार का एक बड़ा कारण इसे भी माना जाता है। अब अगले साल प्रदेश में फिर चुनाव हैं और अखिलेश यादव इस धब्बे को धोकर नए सिरे से पार्टी के पक्ष में संत समाज को लाने की कोशिश कर रहे हैं।