जानकारी के अनुसार, शिवानी रविवार सुबह करीब 10 बजे ऑफिस जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की और बाद में पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, जहां उन्हें अज्ञात शव मिलने की सूचना दी गई। शव की तस्वीर देखने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान शिवानी के रूप में की।
परिजनों के अनुसार, शिवानी की 14 मई को सगाई हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। वह अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ किराए के मकान में रहती थी और एक रियल एस्टेट कंपनी में काम करती थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को जंगल में फेंका गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और युवती की आखिरी लोकेशन के आधार पर जांच कर रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। फिलहाल हत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हैं।
