झांसी । झांसी जिले के मऊरानीपुर विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नयागांव, बरुआमाफ और पुरवा में गुरुवार को जल महोत्सव का आयोजन उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ किया गया। यह आयोजन पुरवा ग्राम समूह पेयजल योजना के सफल क्रियान्वयन के उपलक्ष्य में घाटकोटरा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से गांवों तक शुद्ध पेयजल आपूर्ति शुरू होने पर आयोजित किया गया। वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे ग्रामीणों के चेहरों पर इस मौके पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संस्कृति और परंपरा के अनुरूप जल अर्पण के साथ हुई। इस दौरान वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा। कंपोजिट विद्यालय नयागांव परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान साधूराम अहिरवार ने की। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लेकर जल जीवन मिशन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कार्यदायी संस्था की ओर से ‘जल अर्पण, पेयजल का समाधान मेरे गांव की नई पहचान’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारियों और इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को योजना की उपयोगिता और उसके दीर्घकालिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सरकार का लक्ष्य हर ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है, ताकि लोगों को दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाया जा सके।
ग्रामीणों ने कहा कि पहले उन्हें पीने के पानी के लिए दूर-दराज क्षेत्रों में भटकना पड़ता था। गर्मियों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी, लेकिन अब घर-घर शुद्ध पानी पहुंचने से बड़ी राहत मिली है। ग्राम प्रधान बलराम अहिरवार और साधूराम अहिरवार ने कहा कि यह योजना गांवों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्षों पुरानी पेयजल समस्या अब स्थायी रूप से समाप्त होती दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन ने गांवों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का काम किया है। महिलाओं और बच्चों को विशेष राहत मिली है, जिन्हें पहले पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। अब गांवों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), झांसी का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है और इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण का संदेश भी दिया और पानी का उपयोग जिम्मेदारी से करने की अपील की।
इस अवसर पर डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर अक्षय कुमार, सुपरवाइजर हरेंद्र सिंह परिहार, रोहित सिंह परिहार, उदय सिंह, सुरेंद्र द्विवेदी, इंद्रजीत सिंह राना समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जल महोत्सव के दौरान गांवों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और लोगों ने इसे गांवों के विकास की नई शुरुआत बताया।
