घटना ललनजू परिहार के घर की है, जहां 19 जून को उनकी बेटी की शादी होनी है। शादी में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश के रौन क्षेत्र से रिश्तेदार पुनीत (22) गांव आए थे। शनिवार रात बिजली गुल होने और गर्मी के कारण तीनों युवक पुनीत, अंशुल (23) और सुमित (19)घर की छत पर सो रहे थे।
रात में छत पर पहुंचा कोबरा, तीनों को डंसा
देर रात एक जहरीला कोबरा सांप छत पर पहुंच गया और पहले सो रहे अंशुल को डंस लिया। उसकी आवाज और हलचल से बाकी दोनों युवक जागे, लेकिन इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, सांप ने पुनीत और सुमित को भी डंस लिया। कुछ ही मिनटों में तीनों की हालत बिगड़ने लगी और अफरा-तफरी मच गई।
हिम्मत दिखाकर सांप को मार डाला
बताया जा रहा है कि घायल अवस्था में अंशुल ने साहस दिखाते हुए कोबरा को मार दिया, लेकिन तब तक जहर तीनों के शरीर में फैल चुका था। परिजन घबराकर पहले उन्हें झाड़-फूंक के लिए ले गए, लेकिन हालत बिगड़ने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
इलाज के दौरान एक की मौत
झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान अंशुल की मौत हो गई। जबकि पुनीत और सुमित का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शादी की खुशियां बदलीं मातम में
जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां इस हादसे के बाद शोक का माहौल छा गया। गांव में भी सांप के डर से दहशत फैल गई है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
