झांसी। झांसी में गुरुवार को भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कई लोग गर्मी से बचने के लिए मुंह पर कपड़ा बांधकर बाहर निकलते नजर आए।
मौसम विभाग ने जिले में हीटवेव को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। सुबह से ही तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि दिन में इसके 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
पिछले पांच दिनों से झांसी में तापमान लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।
भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें और दोपहर के समय बाहर जाने से बचें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थों के सेवन की सलाह दी गई है।
भारतीय मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की चेतावनी दी है और तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है।
कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एके सिंह ने किसानों को सलाह दी है कि वे दोपहर के समय खेतों में काम करने से बचें और शरीर को पूरी तरह ढककर ही बाहर निकलें।
इधर, भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। शहर के कई इलाकोंखाती बाबा, ईसाई टोला, सीपरी बाजार और नंदनपुरा में रातभर बिजली गुल रहने की शिकायतें सामने आई हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने से पानी की समस्या भी बढ़ गई है, जिससे लोगों का जीवन और कठिन हो गया है।
