चित्रकूट । चित्रकूट धाम परिक्षेत्र में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एडीजी प्रयागराज जोन के आदेश पर लंबे समय से एक ही परिक्षेत्र में तैनात दारोगाओं का तबादला कर दिया गया है। इस प्रक्रिया के तहत 43 सब इंस्पेक्टर (एसआई) को अन्य परिक्षेत्रों में भेजा गया है, जबकि उनकी जगह 74 नए दारोगाओं की तैनाती की गई है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई ग्रीष्मकालीन स्थानांतरण नीति के तहत की गई है। जिन दारोगाओं ने परिक्षेत्र में 12 वर्षों का कार्यकाल पूरा कर लिया था, उन्हें दूसरे जिलों और परिक्षेत्रों में भेजा गया है।
एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायण के निर्देश पर महोबा जिले से 9, बांदा जिले से 18, चित्रकूट जिले से 14 और हमीरपुर जिले से 2 दारोगाओं का स्थानांतरण किया गया है। सबसे अधिक तबादले बांदा जिले से हुए हैं, जबकि सबसे कम स्थानांतरण हमीरपुर जिले में देखने को मिला।
स्थानांतरित किए गए सभी एसआई को निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द अपने नए तैनाती स्थल पर पहुंचकर आमद दर्ज कराएं। वहीं नई तैनाती पाने वाले 74 दारोगाओं को चित्रकूट धाम परिक्षेत्र के अलग-अलग जिलों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डीआईजी चित्रकूट धाम परिक्षेत्र राजेश एस ने बताया कि विभागीय नियमों और तय समयसीमा के अनुसार यह स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।
