झांसी। स्कूल विकास के लिए प्राप्त सरकारी धन के कथित गबन और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपुल शिव सागर ने मऊरानीपुर विकासखंड के मधुपुरा कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरेंद्र गौतम को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि प्रधानाध्यापक द्वारा स्कूल के खाते से विकास कार्यों हेतु आई सरकारी धनराशि को फर्जी हस्ताक्षर और मोहर के माध्यम से हड़प लिया गया। साथ ही शिकायतकर्ता को धमकाने की भी बात सामने आई है। इस गंभीर मामले को देखते हुए विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जवाब तलब किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब न मिलने पर यह मान लिया जाएगा कि संबंधित पक्ष के पास कोई स्पष्टीकरण नहीं है, जिसके बाद नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हडक़ंप मचा हुआ है और अन्य स्कूलों में भी व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी गई है।
