ललित कला संस्थान में नशामुक्ति पर आधारित चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता सम्पन्न
झाँसी। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना के सहयोग से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के MY Bharat के अंतर्गत संचालित नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत आयोजित चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता का शुक्रवार को पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने कला को जनजागरण का प्रभावी माध्यम बनाते हुए नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ जीवनशैली तथा नशामुक्त समाज की अवधारणा को सशक्त चित्रों एवं पोस्टरों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है और देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण तभी संभव है, जब युवा वर्ग नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से स्वयं को दूर रखते हुए सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाए। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में सकारात्मक संदेश के प्रसार में अपनी रचनात्मक प्रतिभा का निरंतर उपयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की संयोजक एवं ललित कला संस्थान की समन्वयक डॉ. श्वेता पाण्डेय ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य केवल नशे के विरुद्ध चेतना विकसित करना ही नहीं, बल्कि युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों तथा स्वस्थ जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का निर्माण करना भी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें संवेदनशील नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करती हैं।
डॉ. अजय कुमार गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कला समाज के अंतर्मन को स्पर्श करने की क्षमता रखती है। चित्रकला और पोस्टर जैसे सृजनात्मक माध्यम जनसामान्य तक किसी भी सामाजिक संदेश को प्रभावी ढंग से पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन कला अध्यापक गजेंद्र सिंह ने किया और उन्होंने विद्यार्थियों को अपने व्यवहार, विचार और रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से जनजागरण का दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में प्रस्तुत चित्रों एवं पोस्टरों में नशे के दुष्परिणाम, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन, परिवार और समाज पर पड़ने वाले प्रभाव तथा जागरूक नागरिक की भूमिका को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से चित्रित किया गया। इस आयोजन के लगभग 75 प्रतिभागियों ने अपनी कला के माध्यम से लोगों में संदेश पहुंचाने का कार्य किया । निर्णायक मंडल द्वारा चयनित उत्कृष्ट प्रतिभागियों में चंचल मालवीय, आदर्श प्रजापति, खुशी यादव, काजल सोनी, महक तथा सलोनी साहू को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. सुनीता, डॉ. ब्रजेश कुमार, डॉ. रानी शर्मा, डॉ. अंकिता शर्मा सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
