झांसी। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में श्रम विभाग द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी गौरांग राठी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले के चयनित पुरुष एवं महिला मजदूरों को प्रतीकात्मक रूप से सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि मजदूर समाज की रीढ़ होते हैं और उनके योगदान के बिना विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य श्रमिकों का सम्मान करने के साथ-साथ उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना भी है, ताकि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक श्रमिक तक पहुंच सके।
कार्यक्रम में विशेष रूप से महिला श्रमिकों की भागीदारी भी सराहनीय रही। अधिकारियों ने उन्हें सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, बीमा एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
इस अवसर पर श्रम विभाग की ओर से श्रम उपायुक्त श्रीमती मिश्रा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन श्रमिकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
