झांसी। झांसी में जल्द ही मौसम करवट ले सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 21 जुलाई से जिले में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। शुरुआती दो दिनों में अच्छी वर्षा होने के आसार हैं, जिससे लोगों को लगातार बनी उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।
पिछले कई दिनों से मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। आसमान में बादलों की आवाजाही तो हो रही है, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को निराशा हाथ लग रही है। दूसरी ओर तेज धूप और बढ़ी हुई नमी के कारण उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
गुरुवार को झांसी का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा है।
कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है। इस तरह की मौसम प्रणाली अपने साथ नमी लेकर आगे बढ़ती है और जहां पहुंचती है वहां अच्छी बारिश की संभावना बन जाती है।
उन्होंने बताया कि यह सिस्टम पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए बिहार और उत्तर प्रदेश से होकर बुंदेलखंड क्षेत्र तक पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से 21 और 22 जुलाई को झांसी में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी और उमस से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
सामान्य से 49 प्रतिशत कम हुई बारिश
जिले में मानसून अभी तक सामान्य रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। एक जून से 16 जुलाई के बीच झांसी में औसतन 200.4 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 101.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यानी इस अवधि में जिले में सामान्य से 49 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
