दूसरे दिन भी कड़ी निगरानी में संपन्न हुई परीक्षा, एडीएम व एसपी सिटी ने किया निरीक्षण
झांसी। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 के दूसरे दिन रविवार को शहर के 20 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। 14892 पंजिकृत अभ्यर्थियों में से 13883 ने परीक्षा दी और और 1309 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में 93 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल तथा पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रथम पाली में 7,446 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 6,870 उपस्थित हुए, जबकि 576 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 92.26 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं दूसरी पाली में भी 7,446 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 7,013 ने परीक्षा दी और 733 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति 94.18 प्रतिशत रही।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों, वॉइस रिकॉर्डर, फ्रिस्किंग व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और परीक्षार्थियों के सामान रखने की व्यवस्था का सत्यापन किया। उन्होंने कक्ष निरीक्षकों को निर्देश दिए कि प्रवेश पत्रों का गहन मिलान कर डुप्लीकेट परीक्षार्थियों की किसी भी स्थिति में परीक्षा में प्रवेश न होने दिया जाए। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और विभागीय प्रेक्षक तैनात रहे। अधिकारियों ने बताया कि पूरे दिन परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी की गई और कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।
