झांसी। शहर में शुक्रवार को किन्नरों के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई खुलकर सामने आ गई। विरोधी गुट पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए पांच टोलियों के किन्नरों ने पहले नवाबाद थाने के बाहर प्रदर्शन किया और बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। किन्नरों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने और एफआईआर दर्ज न किए जाने का आरोप लगाया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आरोपियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आत्महत्या करने को मजबूर होंगे।
किन्नर गुरु बबली नायक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किन्नर एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी गुट के लोग बाउंसरों के साथ शादी समारोह में पहुंचे और हॉकी-डंडों से हमला कर दिया।
बबली नायक ने बताया कि शुक्रवार सुबह वे शिवाजी नगर क्षेत्र में एक शादी समारोह में बधाई मांगने गई थीं। इसी दौरान विरोधी गुट के किन्नर कई बाउंसरों के साथ वहां पहुंचे और उन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जान बचाने के लिए उन्हें मौके से भागना पड़ा।
वहीं दूसरी घटना रक्सा थाना क्षेत्र स्थित करौंदी माता मंदिर के पास की बताई गई। आइना किन्नर ने आरोप लगाया कि गुरुवार को विरोधी गुट के लोगों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और माथे पर तमंचा अड़ाकर जान से मारने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि किसी तरह खेतों की ओर भागकर अपनी जान बचाई।
प्रदर्शन कर रहे किन्नरों ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल दोनों घटनाओं के बाद शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है।
इनका है कहना
इस संबंध में नवाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों गुटों में बधाइयां वसूली को लेकर सीमा क्षेत्र का विवाद है। मामले में बीते रोज सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज है। दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
