सपा पर हुए हमलावर,कहा-सपा की मूल सोच और कार्यशैली लट्ठ तंत्र
झांसी। झांसी के नव नियुक्त प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह शुक्रवार देर रात प्रभारी मंत्री बनने के बाद पहली बार झांसी पहुंचे। सर्किट हाउस में उनका स्वागत जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की मूल सोच और कार्यशैली लट्ठ तंत्र तथा गुंडागर्दी की राजनीति से जुड़ी रही है। उन्होंने दावा किया कि सपा शासनकाल में प्रदेश में जंगलराज की स्थिति थी। साथ ही उन्होंने अयोध्या श्रीराम मंदिर ट्रस्ट से संबंधित प्रश्न पर कहा कि समिति की रिपोर्ट के बाद ही सब साफ होगा।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की ऐतिहासिक धरती झांसी का पर्यटन विकास उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि झांसी का किला, रानी महल और अन्य ऐतिहासिक धरोहरें प्रदेश की महत्वपूर्ण पर्यटन संपदा हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा विकसित किए जा रहे डिफेंस कॉरिडोर तथा एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मीडिया से वार्ता करते हुए अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट में कथित दान चोरी के आरोपों पर पूछे गए सवाल के जवाब में जयवीर सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए समिति गठित की जा चुकी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा।
समाजवादी पार्टी द्वारा भाजपा पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के आरोपों के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की मूल सोच और कार्यशैली लट्ठ तंत्र तथा गुंडागर्दी की राजनीति से जुड़ी रही है। उन्होंने दावा किया कि सपा शासनकाल में प्रदेश में जंगलराज की स्थिति थी।
बिजली आपूर्ति को लेकर मंत्री ने स्वीकार किया कि भीषण गर्मी के कारण कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही है, लेकिन सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक उपभोक्ता को नियमानुसार बिजली उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को कमियों में सुधार के निर्देश भी दिए।
सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह परीछा, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत सहित भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ हुई चर्चाओं की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री को भेजी जाएगी।
