झांसी। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना उल्दन पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के 8 हजार रुपये नकद, 30 किलोग्राम मूंगफली, 30 किलोग्राम राई तथा 25 किलोग्राम गेहूं बरामद किया गया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना उल्दन पुलिस ने थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 82/2026 के संबंध में ग्राम चढ़रऊधवारी निवासी सुल्तान सिंह पुत्र स्वामी प्रसाद लोधी राजपूत (38 वर्ष) तथा चंद्रपाल उर्फ चंदू अहिरवार पुत्र रामेश्वर प्रसाद (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान और नगदी बरामद की गई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराओं का समावेश करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अजीत प्रताप सिंह, आरक्षी अमित यादव तथा आरक्षी आकाश राणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
