संविधान लीडरशिप प्रोग्राम” के माध्यम से लोकतंत्र का पांचवां स्तंभ तैयार किया जाएगा
झांसी। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता युवराज सिंह यादव ने कहा कि सरकार आम आदमी की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए मजबूत डिजिटल तंत्र तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि “संविधान लीडरशिप प्रोग्राम” के माध्यम से लोकतंत्र का पांचवां स्तंभ तैयार किया जाएगा, जो जनता की आवाज बनकर सरकार से सवाल करेगा।
मानिक चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में युवराज सिंह यादव ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म जनसरोकारों की सबसे बड़ी ताकत बन चुके हैं। ऐसे में युवा कांग्रेस अब वैचारिक और सामाजिक मुद्दों को जनता तक पहुंचाने के लिए अपना स्वतंत्र सोशल मीडिया नेटवर्क विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों पर आधारित डिजिटल नेतृत्व की नई पीढ़ी तैयार करना संगठन का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत युवाओं को “संविधान डिजिटल साथी” के रूप में जोड़ा जाएगा। चयनित युवाओं को सोशल मीडिया संचालन, जनसंपर्क, वैचारिक संवाद और डिजिटल पत्रकारिता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह टीम जमीनी स्तर पर वैकल्पिक मीडिया तैयार करेगी और बहुजन समाज की आवाज को प्रमुखता से उठाने का काम करेगी।
युवराज सिंह यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना जनता का अधिकार है और युवा कांग्रेस इस अधिकार को मजबूत करने के लिए युवाओं को संगठित कर रही है। उन्होंने युवाओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष दीपक शिवहरे, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीति श्रीवास, प्रदेश महासचिव शेखर नलवंशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
