झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र के कचहरी चौराहे के पास स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के नचनवारा निवासी हरि सिंह ठाकुर चार दिन पहले पारिवारिक विवाद के चलते घर से झांसी आ गया था। वह यहां कचहरी चौराहे स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के समीप अपने एक रिश्तेदार के होटल विकास में 304 नम्बर कमरे में ठहरा हुआ था। बताया जा रहा है कि बीते दो दिनों से उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुल रहा था।
मंगलवार को होटल कर्मचारी छत पर काम कर रहे थे, तभी उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। शक होने पर कर्मचारियों ने संबंधित कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह अंदर से बंद था। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया तो युवक फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया।
सूचना मिलते ही डायल 112 और नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शव से आ रही दुर्गंध के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक ने दो दिन पहले ही आत्महत्या कर ली थी। होटल मैनेजर के अनुसार मृतक उसका रिश्तेदार था और पारिवारिक विवाद के चलते यहां ठहरा हुआ था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इनका है कहना
इस संबन्ध में सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
