नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में बिजली विभाग के 56 वर्षीय ऑफिस सुपरिंटेंडेंट मुकेश कुमार का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। उनका शव नवाबाद थाना क्षेत्र की माताटीला हाईड्रिल कॉलोनी के पास मिला, जो उनकी कथित प्रेमिका के घर के नजदीक है।
जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार कोतवाली थाना क्षेत्र की नई बस्ती के रहने वाले थे और बिजली विभाग में ओएस के पद पर कार्यरत थे। उनका लगभग 22 साल पहले विवाह हुआ था और उनके एक 20 वर्षीय पुत्र भी हैं। परिवार के मुताबिक, मुकेश का एक महिला अरुणा से संबंध था, जिसके साथ वह पिछले कुछ समय से रह रहे थे।
दो दिन पहले अरुणा ने खुद को मुकेश की पत्नी बताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने खर्च न देने और मारपीट का आरोप लगाया था। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाया और मामला शांत कर दिया था।
लेकिन अगले ही दिन शनिवार शाम कॉलोनी स्थित माता मंदिर के पास मुकेश का शव मिला। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक कॉपी, पानी की बोतल और जूते बरामद हुए। कॉपी में एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मुकेश ने अपनी मौत के लिए दो महिलाओं समेत चार लोगों को जिम्मेदार बताया है।
सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है कि यह मामला आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
