महोबा। बुंदेलखंड के महोबा जनपद की डीएम गजल भारद्वाज अतिवृष्टि एवं बाढ़ से होने वाले नुकसान को लेकर डीएम गजल भारद्वाज अलर्ट मोड पर हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि से बचा जा सके। डीएम ने बुधवार को बाढ़ स्टेयरिंग कमेटी की बैठक कर बांधों के जलस्तर की लगातार निगरानी करने साथ ही तहसीलों के एसडीएम को बाढ़ चौकियों की स्थिति ठीक करा उन पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए जाने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम गजल भारद्वाज ने समस्त तहसीलों के उपजिलाधिकारी को बाढ़ चौकी की स्थिति देखने और उसे ठीक कराने एवं उन पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए जाने के निर्देश दिए हैं। सभी चौकियों पर कर्मचारियों के नाम व मोबाइल नंबर, संबंधित एसएचओ के नंबर एवं गोताखोरों की लिस्ट लगाए जाने एवं नाव की उपलब्धता एवं उसके मालिक के नाम व नंबर लिस्ट तैयार किए जाने के निर्देश दिए गए हैं ।
डीएम ने सिंचाई विभाग को जनपद के समस्त बांधों उर्मिल बांध , चंद्रावल बांध, मझगांव बांध,कबरई बांध,लहचुरा बांध , क्योंलारी बांध के जल स्तर पर लगातार निगरानी रखने, बांधों के आस पास के जिन जिन ग्राम में बांधों का जलस्तर बढ़ने पर पानी छोड़ने पर प्रभावित होने की संभावना रहती है, उन समस्त ग्रामों को एलर्ट मोड पर रखने के निर्देश जारी किए।
जिससे कि अफरा तफरी की स्थिति उत्पन्न न हो इसके साथ ही कहा कि जिन ग्रामों में जलभराव होने की संभावना है, उन सभी ग्रामों में राजस्व की टीम के माध्यम से क्या करें क्या न करें के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जाए।सिंचाई विभाग ऐसे बांधों एंव तालाबों का विश्लेषण कर सुरक्षात्मक उपाय करें ,जिससे डूबने की कोई दुर्भाग्यपूर्ण घटना न हो। इसके साथ ही बांधों पर ड्यूटी पर लगे सिंचाई विभाग की टीम के लिए रस्सी, लाईफ जैकेट हेलमेट,टार्च, बोट रस्सी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्व विभाग को जिन ग्रामों में रपटा टूटने पर संपर्क मार्ग बाधित होने की संभावना है, उन ग्रामों में वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। मानसून सत्र के पूर्व जनपद के सभी नाले एंव नालियों के सफाई के निर्देश दिए गए, ताकि जलभराव की स्थिति न उत्पन्न हो।बैठक में एडीएम कुंवर पंकज, एडीएम नमामि गंगे सूर्यकान्त त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी, अधिशासी अभियंता महोबा,मौदहा बाध, जल संस्थान, मुख्य पशु चिकित्सा, स्वास्थ विभाग, जिला कृषि अधिकारी,समेत अन्य उपस्थित रहे हैं।
