झांसी । उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कें सुनसान नजर आने लगी हैं।
लोगों के मोबाइल फोन पर भी प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से अलर्ट संदेश भेजे गए हैं, जिसमें नागरिकों से अपील की गई है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। खासकर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच धूप और लू से बचने की सलाह दी गई है।
वर्तमान में झांसी का अधिकतम तापमान लगभग 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ इसमें और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। तेज लू और गर्म हवाओं के कारण हीट वेव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार लगातार गर्मी के संपर्क में रहने से डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, उल्टी और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
शहर में चल रही बिजली की अनियमित आपूर्ति ने स्थिति को और कठिन बना दिया है, जिससे लोगों को दिन और रात दोनों समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढकने की अपील की है।
