पत्नी ने दी 112 पर पुलिस को सूचना,पुलिस जांच में जुटी
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में रक्सा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।
रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम ढीमरपुरा निवासी प्रेमसिंह अपने परिवार के साथ रहता था। शुक्रवार रात परिवार के अधिकांश सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। देर रात करीब तीन बजे प्रेमसिंह की पत्नी को किसी प्रकार की आहट महसूस हुई। संदेह होने पर उसने कमरे के जंगले से अंदर झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए। अंदर उसका पति प्रेमसिंह फांसी के फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई।
सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम, रक्सा थाना प्रभारी निरीक्षक और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला और अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था—प्रेमसिंह का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसका तीन वर्षीय मासूम बेटा खून से लथपथ जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा मिला।
पुलिस ने मौके का मुआयना कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेमसिंह ने पहले अपने बेटे की चाकू से वार कर हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी।
हालांकि, इस खौफनाक कदम के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की गहन जांच की जा रही है और पारिवारिक परिस्थितियों समेत सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
