गोरखपुर। समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुक्रवार को उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब नेताओं के बीच बैठने की जगह को लेकर शुरू हुई कहासुनी हाथापाई में बदल गई। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में चल रही प्रेस वार्ता के दौरान सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी के साथ मारपीट और थप्पड़ मारने की घटना हुई। विवाद के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को बीच में ही रोकना पड़ा।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने की कोशिश की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची, हालांकि घटना को लेकर किसी पक्ष की ओर से पुलिस को अभी तहरीर नहीं दी गई है।
बैठने की जगह को लेकर शुरू हुआ विवाद
दरअसल, लोकतंत्र बचाओ सप्ताह और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित की गई थी। कार्यक्रम का आयोजन सपा जिलाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार गौतम की ओर से किया गया था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा महानगर अध्यक्ष सबीर कुरैशी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश यादव, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, काजल निषाद, संजय पहलवान, पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री डॉ. मोहसिन, जय प्रकाश यादव और रणजीत पासवान समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
इसी दौरान सपा नेता अंशुमान सिंह के पुत्र कमलेश प्रेस क्लब पहुंचे। उन्होंने काजल निषाद के पास बैठने की कोशिश की, लेकिन वहां जगह नहीं थी। इसके बाद उनकी पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी से बातचीत हुई। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कहासुनी के बाद हाथापाई, नगीना साहनी को थप्पड़
मामूली विवाद देखते ही देखते बढ़ गया और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि इस दौरान नगीना साहनी के साथ मारपीट की गई और उन्हें थप्पड़ भी मारा गया। घटना के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।
मौके पर मौजूद पार्टी के अन्य नेताओं ने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हंगामे के चलते प्रेस कॉन्फ्रेंस को बीच में ही रोकना पड़ा।
जिस समय सपा जिलाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार गौतम मीडिया के सामने लोकतंत्र और वोट बचाने के मुद्दे पर पार्टी की बात रख रहे थे, उसी दौरान पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष के साथ हुई मारपीट से कार्यक्रम का पूरा माहौल बदल गया। राजनीतिक मुद्दों की जगह प्रेस क्लब में हुए विवाद और थप्पड़ कांड की चर्चा होने लगी।
जिलाध्यक्ष बोले- निंदनीय घटना, राष्ट्रीय अध्यक्ष को देंगे जानकारी
घटना पर सपा जिलाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार गौतम ने इसे निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी जाएगी और इस तरह की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के किसी कार्यक्रम में इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उनका कहना है कि मामले की जानकारी पार्टी नेतृत्व को देकर उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी।
सूचना पर पहुंची पुलिस, नहीं मिली तहरीर
प्रेस क्लब में विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है।
वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रेस क्लब के भीतर नेताओं के बीच विवाद और हाथापाई का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। घटना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के भीतर सामने आए विवाद को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
