झांसी। सहकार भारती के तत्वावधान में 9 एवं 10 जुलाई को लखनऊ स्थित दारुल सफा में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय मत्स्य प्रकोष्ठ के दो दिवसीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए झांसी-चित्रकूट मंडल के विभिन्न जनपदों से मत्स्यजीवी सहकारी समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य बुधवार को लखनऊ के लिए रवाना हुए।
यह जानकारी सहकार भारती के प्रदेश सह संयोजक (मत्स्य प्रकोष्ठ) एवं पूर्व पार्षद किशोरी प्रसाद रायकवार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में झांसी, ललितपुर, चित्रकूट, महोबा, जालौन (उरई), बांदा एवं हमीरपुर जनपदों की मत्स्यजीवी सहकारी समितियों के प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे।
उन्होंने कहा कि दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य मत्स्यजीवी सहकारी समितियों को अधिक सशक्त एवं संगठित बनाना, मत्स्य पालन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और योजनाओं पर चर्चा करना तथा सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक मजबूत करना है। सम्मेलन में मत्स्यजीवी समाज के हितों, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समितियों की कार्यप्रणाली में सुधार तथा आजीविका के नए अवसरों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों एवं प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत विचार-विमर्श होगा।
सम्मेलन के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे तथा मत्स्यजीवी समाज के समग्र विकास के लिए साझा रणनीति तैयार की जाएगी। सहकार भारती का उद्देश्य सहकारिता के माध्यम से मत्स्यजीवी समाज को आर्थिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाना है।
